संभल। नखासा थाना क्षेत्र के फत्तेपुर भाऊ में तमाम लोगों ने अपने घरों के पास घूर बना रखे हैं और गोबर के उपले भी पाथते हैं। गांव में सोमवार की सुबह दस बजे घूर की आग विकराल हुई तो पास में पथ रहे उपलों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इसे देखकर छात्रा आग बुझाने के लिए निकली। अचानक पैर फिसलने से जल रहे उपलों में छात्रा गिर गई। उसके पैर झुलस गए।
आनन-फानन में आसपास के लोगों ने उसे उठाया। पुलिस और दमकल को खबर दी। गांव पहुंची दमकल ने आग बुझाई। छात्रा का गांव में ही उपचार कराया गया है। वहीं कूड़े के ढेर गांव से हटवाने के लिए ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया है।
गांव में लोगों ने अपने घरों के पास घूर बनाए हैं। इनके पास में ही लोग अपने जानवरों का गोबर डालते हैं और उससे उपले बनाते हैं। गांव फत्तेपुर भाऊ के सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बेटी एएनएम की छात्रा है। वह घर पर थी।
अचानक पड़ोस के घूर में आग लगी। कुछ देर में ही आग ने उनके उपलों को भी चपेट में ले लिया। बेटी ने जब देखा तो वह आग बुझाने का प्रयास करने लगी। इस दौरान पैर फिसल गया जिससे वह भी आग की चपेट में आ गई और उसके पैर झुलस गए।
उन्होंने बताया कि गांव में कूड़े के ढेर और भी हैं अगर इन्हें हटवाया न गया तो और भी हादसे हो सकते हैं। इसी मामले में मंगलवार को गांव के लोगों ने एसडीएम से मुलाकात की। उन्हें समस्या से अवगत कराया और प्रदर्शन किया। साथ ही कूड़े के ढेर हटवाने की मांग की। एसडीएम ने लेखपाल को आदेश दिया है कि पुलिस बल लेकर गांव जाएं और सात दिन के भीतर सभी कूड़े के ढेर हटवाएं।