फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह भाई बहन नहाते समय गंगा में डूबे, पांच को सकुशल निकाला, एक किशोरी डूबी

विज्ञापन
विज्ञापन
जुनावई/चंदौसी। भीषण गर्मी में गंगा के ठंडे पानी में नहाने के लिए रिवाड़ा गांव के एक ही परिवार के चचेरे-तहेरे छह किशोरवय भाई-बहन जुनावई क्षेत्र के असदपुर गंगा घाट पर पहुंचे लेकिन स्नान करते समय सभी डूब गए। आसपास के दुकानदारों ने समय रहते देख लिया, जिससे पांच बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया लेकिन एक किशोरी गंगा की धार में समा गई। आठ घंटे की तलाश के बाद उसका कोई पता नहीं चला है।
विज्ञापन

गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के रिवाड़ा गांव में एक ही परिवार के छह बच्चे व किशोर रविवार की सुबह टेंपो में बैठकर जुनावई क्षेत्र के असदपुर गंगा घाट पर स्नान करने के लिए आ गए। सभी बच्चे एक साथ स्नान करने गंगा में उतरे। स्नान करते-करते वह गहरे पानी की तरफ पहुंच गए।
तेज धार में फंसकर सभी डूबने लगे तो आसपास दुकानें लगाकर सामान बेचने वालों की नजर डूबते बच्चों पर पड़ी तो वह मदद के लिए दौड़ पड़े। नदी में कूद कर विजय पाल सिंह के सात वर्षीय बेटे अरूण कुमार एवं उनकी पुत्री रीना, शिशुपाल के ग्यारह वर्षीय बेटे अमित कुमार, वीरपाल के 12 वर्षीय बेटे कालीचरण, महेश के दस वर्षीय बेटे श्रीकांत कुल पांच बच्चों व किशोरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। लेकिन राम रहीस की चौदह वर्षीय बेटी लक्ष्मी कुमारी का वह पता नहीं लगा पाए।
विज्ञापन

सूचना पर गुन्नौर के सीओ अशोक कुमार एवं तहसीलदार कर्म सिंह चौहान तथा कोतवाली प्रभारी सुमन कुमार मौके पर पहुंचे। तत्काल ही नरौरा से 10 गोताखोरों को बुलाया गया। किशोरी की तलाश कराई गई। लेकिन शाम तक आठ घंटे की लगातार तलाश के बावजूद किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। कोतवाल सुमन कुमार ने बताया कि किशोरी की तलाश के के लिए गोताखोरों को लगाया गया है लेकिन कड़ी मेहनत के बावजूद शाम तक उसका पता नहीं चल सका है। शायद किशोरी बहते हुए पानी में काफी आगे चली गई होगी। उसके जीवित मिलने की संभावना अब नहीं है। इसी बीच किशोरी का परिवार भी यहां पहुंच चुका था। किशोरी के माता- पिता का रोते रोते बुरा हाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें