संभल। श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम की माता की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए कई दिग्गज राजनेता और साधु संतों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धांजलि का आयोजन कल्कि प्रांगण में होगा।
कल्कि धाम के प्रवक्ता पंकज चाहल ने बताया कि आचार्य प्रमोद कृष्णम की माता को श्रद्धांजलि 18 जनवरी को दी जाएगी। इसमें देश और प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रशासन की ओर से दो हैलीपैड बनाने का काम शुरू किया गया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। इन दिग्गजों में हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि, अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ अन्य प्रमुख संत, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, मध्य प्रदेश के काबिना मंत्री जीतू पटवारी, शिवपाल सिंह यादव, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री कृपा शंकर सिंह, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत, पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर, आप पार्टी के सांसद संजय सिंह, प्रसिद्ध कवि डा. कुमार विश्वास के आने की संभावना है।