बबराला/गुन्नौर। क्षेत्र में एक निजी नेटवर्क कंपनी में पहले ही दिन काम करके लौट रहे सेल्समैन की बाइक को सामने से आ रही दूसरी बाइक के सवार ने टक्कर मार दी। दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। जहां सेल्समैन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सेल्समैन की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
कस्बा बबराला के मोहल्ला शिवपुरी में वार्ड नंबर दस के मिस्टर वाली गली में रहने वाले गोपाल (18वर्ष)
पुत्र राजवीर ने आईटीआई करने के बाद मंगलवार को बबराला में स्थित संचार सेवा की एक नेटवर्क कंपनी के कार्यालय में बतौर सेल्समैन नौकरी ज्वाइन की। पहले दिन के काम के लिए वह गुन्नौर कोतवाली के जुनावई देहात में रिटेलर से संपर्क करने गए थे। क्षेत्र में काम पूरा करने के बाद वह देर शाम बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे जिनकी बाइक पर दूसरे साथ राहुल भी पीछे बैठे थे। तभी मेरठ-बदायूं हाइवे पर गुन्नौर कोतवाली के गांव जगान्नाथपुर पर सामने से आ रही दूूसरी बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार गांव द्वारीखुर्द के सुरेशचंद्र समेत तीन लोग घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को फोन किया और तीनों को एंबुलेंस की सहायता से गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने गोपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनके साथ राहुल को अलीगढ़ रेफर कर दिया। गोपाल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने दूसरे बाइक सवार के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।