गुन्नौर। तहसील क्षेत्र के गांव ईसमपुर डांडा में पराली जलाने पर लेखपाल ने किसान पर 1500 रुपये का जुर्माना जमा करवाया। इसे लेकर किसान और लेखपाल के बीच नोकझोंक हुई। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
किसान सत्यपाल ने आरोप लगाया कि वह अपनी गेहूं की फसल बुवाई के लिए खेत में गन्ने की पराली जला रहा था। आरोप है कि इसी दौरान लेखपाल सचिन वहां पहुंच गए और पराली जलाने पर किसान को मुकदमा दर्ज कराने एवं चालान के नाम पर 15 हजार रुपये मांगने लगे। किसान के अनुसार जब इतनी रकम देने से इन्कार किया तो लेखपाल ने 1500 रुपये ले लिए। हालांकि लेखपाल की ओर से 1500 रुपये का चालान बैंक में जमा किया गया है। किसान का आरोप है कि शिकायत करने पर उसे धमकाया भी गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जबकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वहीं लेखपाल सचिन कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा उन्हें किसान के पराली जलाने की फोटो सेटेलाइट के माध्यम से भेजी गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि किसान से 1500 रुपये जुर्माना राशि ली गई है, जिसकी रसीद भी उनके पास मौजूद है। उन्होंने किसान द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।