बबराला/गुन्नौर। विकासखंड रजपुरा की एक ग्राम पंचायत के प्रधान की मतों की पुन: मतगणना हुई। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उप जिलाधिकारी न्यायालय में की गई। आम चुनाव की मतगणना के दौरान एक मत से हारने वाले सेवाराम को पांच मतों से विजय मिली। जिन्हें उपजिलाधिकारी ने जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया और इसकी रिपोर्ट उच्च न्यायालय को भेज दी।
गुन्नौर की उप जिलाधिकारी न्यायालय में बुधवार को रजपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत बहट करन की ग्राम प्रधान के मतों की दोबारा से मतगणना हुई। जिसमें नौ प्रत्याशियों के मतों की गिनती में आम चुनाव में अपनी प्रतिद्वंद्वी सेवाराम पुत्र जौहरी सिंह को एक मत से हराने वाली रानी पत्नी रामप्रकाश के 324 मतों में से 8 मतपत्र कैंसिल हुए। जबकि सेवाराम की 323 मत पत्रों में से दो मतपत्र कैंसिल हुए।
इस प्रकार रानी को 316 मत प्राप्त हुए और सेवाराम को 321 मत प्राप्त हुए। जिसके चलते सेवाराम को पांच मतों से से विजय हासिल हुई। मतगणना के दौरान उप जिलाधिकारी ओमवीर सिंह, तहसीलदार करम सिंह चौहान, पीठासीन अधिकारी व एडीओ पंचायत रजपुरा यावर अब्बास के अलावा मतगणना कर्मी मौजूद रहे। सेवाराम के समर्थकों ने इस जीत को कानून और न्याय की जीत बताया।
-------------------------------
राजपुरा की ग्राम पंचायत बेहट करण की प्रधान की मतों की रिकाउंटिंग के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश हुआ था जिसे जिलाधिकारी और उच्च न्यायालय ने यथावत रखा। उच्च न्यायालय ने रिकाउंटिंग कर रिपोर्ट तीन सप्ताह के अंदर सौंपने का आदेश दिया। रिकाउंटिंग में हारे हुए प्रधान को पांच मतों से विजय मिली है। -ओमवीर सिंह, उप जिलाधिकारी, गुन्नौर।