बबराला/गवां। कस्बा गवां के डॉ भीमराव अंबेडकर मार्केट में बीटीसी संयुक्त प्रशिक्षण मोर्चा उत्तर प्रदेश के द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें एनसीटीई के द्वारा बीएड डिग्री धारकों को प्राइमरी में पात्र मानने के फैसले की निंदा की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में बीएड डिग्रीधारकों की नियुक्ति करने संबंधित आदेश के विरोध में बीटीसी प्रशिक्षुओं को अपनी मांगों को पूर्ण कराने के लिए चेताया गया। प्रशिक्षु मोर्चा के सदस्य राहुल गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में बीएड डिग्रीधारकों को भी योग्य माना है। जिसकी हम निंदा करते है। बीएड डिग्रीधारकों के पास कक्षा 12वीं तक कक्षाओं को पढ़ाने के लिए के लिए कई अवसर है जोकि टीजीटी-पीजीटी, एलटी ग्रेड व नवोदय विद्यालय में आवेदन कर सकते है। लेकिन बीटीसी प्रशिक्षु के पास केवल एक सहारा है। परिषद का निर्णय बीटीसी ,डीएलएड अभ्यर्थियों का कुठाराघात है। हम लोग लाखों की संख्या में बेरोजगार हैं। वर्ष 2019 में यह संख्या पांच लाख हो जाएगी। उन्होंने अपनी मांगों को पूर्ण कराने के लिए सभी बीटीसी प्रशिक्षुओं से राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद दिल्ली आंदोलन में चलने का आव्हान किया। इस मौके पर पूजा भारती, अनुज कुमार, अरुण कुमार, नेहा शर्मा, शिवा चौहान, राहुल गौतम, अमरपाल, निकिता ,नीरज कुमार, गौरव वर्मा, दिनेश कुमार, यतींद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।