चंदौसी। कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2019 को लेकर एआरओ व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव पर चर्चा की। जिसमें चुनाव में आदर्श आचार संहिता के पालन से संबंधित जानकारी लेने व शिकायत करने के लिए एक टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया गया।
जिलाधिकारी ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि राजनीतिक मान्यता प्राप्त प्रतिनिधियों की नेम प्लेट बनवा कर तैयार कराएं, ताकि अगली बार जब बैठक हो तो नेमप्लेट उनके सामने रखी जाए। यदि किसी राजनीतिक प्रतिनिधियों के मतदान सूची में नाम अंकित नहीं है, वह फार्म नंबर 6 भरकर सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन होने से पहले वोट बन सकता है।
नामांकन होने के बाद कोई भी वोट नहीं बनेगा। जनपद में सभी गणमान्य व्यक्तियों को मतदान के बारे में सूचना दे दी गई है। बताया गया है कि कि 1950 टोल फ्री नंबर पर निर्वाचन संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में मतदान केंद्र (सेंटर) 799 है, नगरीय मतदान केंद्र 93 हैं। संभल जिले में कुल बूथ 1642 हैं। जिले में नए मतदाता 22670 हैं। जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 1533187 है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से कहा की चुनावी घोषणा होते ही मंडल व जिले में धारा-144 लागू कर दी जाएगी। भारत निर्वाचन के निर्देश अनुसार कार्य करें, आचार संहिता का पालन करें। ऐसा नहीं करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।