बहजोई। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए रोजगार सृजन में सहयोग करने व विशेष जानकारी प्रदान करने के लिए जिले में 128 सूक्ष्म उद्यम सखियों का चयन किया गया है।
उपायुक्त स्वत: रोजगार ज्ञान सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत हुई चयन प्रक्रिया के बाद प्रति ब्लॉक 16 के हिसाब से इन 128 सूक्ष्म उद्यम सखियों को जिले के आठों ब्लॉकों में भेज दिया गया है।डीसी ने बताया कि यह सभी सूक्ष्म उद्यम सखियां ग्रामीण अंचलों में छोटे-छोटे रोजगार कर रहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार बढ़ाने व आर्थिक लाभ दिलाने में सहयोग करेंगी। फिलहाल नई चयनित सूक्ष्म उद्यम सखियों की सूचना मिशन निदेशक को भेज दी गई है। अब इन सूक्ष्म उद्यम सखियों का प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद यह जिले के गांवों में पहुंचकर समूह की महिलाओं का सहयोग करेंगी।
जिले की बैंकों में भेजी गईं 25 बैंक सखियां
डीसी ज्ञान सिंह ने बताया कि बीते दिनों जिले में 25 बैंक सखियों का चयन किया गया था। चयन होने के बाद इन बैंक सखियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। अब प्रशिक्षण पाकर लौटीं इन बैंक सखियों को जिले की विभिन्न बैंकों में जिम्मेदारी दी गई है। डीसी ने बताया कि बैंकों में पहुंचकर यह बैंक सखियां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को खाते खोलने समेत बैंक से धनराशि का लेन-देन आदि कार्यों में सहयोग करेंगी।