चंदौसी (संभल)। सर्दी और कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए रेलवे रात के समय ट्रैक की निगरानी बढ़ा दी है। सुरक्षा उपकरणों से लैस 125 से अधिक पेट्रोल मैन ट्रैक की पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
चंदौसी सब डिवीजन के एईएन संजीव सक्सेना बताया कि सर्दियों में ट्रेनों का संचालन कठिन और चुनौतीपूर्ण होता है। इसको लेकर रेलवे की ओर से ट्रैक की सुरक्षा और संरक्षा के शीतकालीन सावधानियां बरती जा रही है। ट्रेनों का सुचारू संचालन के लिए ग्राउंड स्टाफ को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रति दो किलोमीटर पर रात 11 बजे से सुबह सात बजे तक जीपीएस, सेप्टी टूल्स, टार्च, सीटी, पटाखा आदि उपकरणों से लैस एक पेट्रोलमैन गश्त पर रहेगा। बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से ट्रैक में खिंचाव होता है। जिससे पटरी चटकने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लगातार रेलवे ट्रैक की सभी जोड़ पट्टियों की जांच करके उनका लुब्रिकेशन किया जा रहा है। साथ ही रात के समय पेट्रोलिंग भी की जा रही है।
रामगंगा और हरदुआगंज तक है चंदौसी डिवीजन का क्षेत्र
चंदौसी रेलवे सब डिवीजन की सीमा अलीगढ़ रूट पर हरदुआगंज तक है। इसके अलावा बरेली रूट पर रामगंगा और मुरादाबाद रूट पर मछरिया तक चंदौसी सब डिवीजन की सीमा लगती है। इन तीनाें रूटों पर हर दो किलोमीटर के बीच एक पेट्रोल मैन की तैनाती रहेगी। रात के समय संबंधित पेट्रोल मैन अपने क्षेत्र में ट्रैक की निगरानी करेंगे। किसी भी तरह की समस्या आने पर कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। रेल हादसे को रोकने के लिए हर प्रयास उनकी ओर से किया जाएगा।