चंदौसी। अधिकारियों की मनाही के बाद भी जनपद संभल का गेहूं यहां उतारा जा रहा है। जबकि संभल का गेहूं अभी खरीद केंद्रों से उठाया ही नहीं गया है। अगर यही हाल रहा तो कुछ दिन बाद स्थानीय प्रशासन के सामने गेहूं के भंडारण की समस्या आ सकती है। पिछले वर्ष भी यही समस्या सामने आई थी।
जनपद रामपुर के गेहूं के ट्रक ग्राम जारई स्थित स्टेट वेयर हाउस पर 26 अप्रैल को उतरने आए थे। लेकिन स्थानीय ट्रक चालकों ने इसका विरोध किया और इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी थी। सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी लवकुश त्रिपाठी व डिप्टी एमआरओ विजेता सिंह मौके पर गए थे। वेयर हाउस का निरीक्षण किया और किसी भी हालत में जनपद रामपुर का गेहूं क्षेत्र के किसी भी भंडारण गृह में न उतारे जाने के स्पष्ट आदेश दिए थे।
इसके बाद जनपद रामपुर के ट्रक चालक अपने गेहूं से भरे ट्रक मंडी में ले आए। तब से यही ट्रक मंडी में ही खडे़ थे। जनपद रामपुर के ठेकेदार आदि एफसीआई अधिकारियों से सांठगांठ कर रविवार को इन ट्रक के गेहूं के उतार मंडी समिति पीएसएफ के गोदाम हो गया। जबकि अधिकारी लगातार इस बात के इंकार कर रहे थे कि जनपद के गेहूं का उतार नहीं हो रहा है।
अगर जनपद में गेहूं के भंडारण की समस्या सामने आती है तो इसके लिए स्थानीय अधिकारी ही जिम्मेदार हैं और यह समस्या अवश्य ही सामने आएगी। क्योंकि मंडी समिति स्थित छह खरीद केंद्रों पर गेहूं का एक दाना नहीं उठाया गया है। खरीदा हुआ गेहूं खुले में पड़ा है।
-अगर जनपद का रामपुर केे गेहूं यहां उतारा जा रहा है। किसके कहने से उतारा जा रहा है यह जानकारी ली जाएगी। दूसरे जनपद का गेहूं किसी भी दशा में यहां के गोदामों में नहीं उतारा जाएगा। -विजेता सिंह डिप्टी आरएमओ संभल