चंदौसी। सब कुछ ठीकठाक रहा तो अगले कुछ समय में मुरादाबाद-चंदौसी के बीच यात्रियों को विद्युत चालित ट्रेनों की सौगात मिल जाएगी। चंदौसी-मुरादाबाद के बीच इलेक्ट्रिक लाइन बनाने का कार्य पूरा हो चुका है। जिसका सात मई को राजा का सहसपुर से विधिवत ट्रायल किया जाएगा। इसके कुछ समय बाद ही चंदौसी-मुरादाबाद के बीच विद्युत चालित ट्रेनों को शुरू कर दिया जाएगा।
सितंबर और अक्तूबर माह तक मुरादाबाद-बरेली वाया चंदौसी पर विद्युत चालिक ट्रेनों को शुरू कर दिया जाएगा। रेल मंत्रालय ने पिछले वित्तीय वर्ष में सांसद सत्यपाल सैनी के प्रस्ताव पर मुरादाबाद से अलीगढ़ वाया चंदौसी व मुरादाबाद-बरेली वाया चंदौसी रेलवे ट्रैक के विद्युतीकरण को मंजूरी दे दी थी। विद्युतीकरण का कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है। मुरादाबाद से राजा का सहसपुर तक तो पिछले महीने ही ट्रैक इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य पूरा हो चुका है। रविवार को राजा का सहसपुर से चंदौसी आउटर तक विद्युत लाइन को तैयार कर लिया गया है।
रेलवे के डिप्टी चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर गौरव गोयल ने बताया कि मुरादाबाद से चंदौसी आउटर तक ट्रैक विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है। विद्युत लाइन को चंदौसी रेलवे स्टेशन पर तैयार किया जा रहा है। मुरादाबाद से चंदौसी आउटर तक ट्रैक इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य का विधिवत ट्रायल सात मई को होने की संभावना है। इसका ट्रायल रेलवे सेफ्टी कमिश्नर (सीआरएस) की मौजूदगी में किया जाएगा।
इसके कुछ दिन बाद कम से कम चंदौसी व मुरादाबाद के बीच तो इलेक्ट्रिक लाइन के जरिये ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जिससे मुरादाबाद से चंदौसी के बीच सभी स्टेशनों से जुड़े यात्रियों को लाभ होगा। समय भी कम लगेगा। ट्रेनों की आवाजाही भी अधिक हो जाएगी। इसके बाद पहले चंदौसी से बरेली ट्रैक का विद्युतीकरण किया जाएगा। जिसे सितंबर-अक्तूबर -2019 तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। मुरादाबाद-बरेली वाया चंदौसी इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सके।
मुरादाबाद-बरेली रूट की कई ट्रेनें चंदौसी होकर गुजरेंगी
चंदौसी। मुरादाबाद-बरेली के बीच ट्रेनों के संचालन पर ट्रैफिक लोड अधिक है। इस कारण इस रूट के लिए मुरादाबाद-बरेली वाया चंदौसी रूट को अल्टरनेटिव ट्रैक के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। यानी अब तक जो ट्रेनें सिर्फ मुरादाबाद से रामपुर होकर बरेली जाती है, उनमें से कुछ ट्रेनों को अब मुरादाबाद से चंदौसी होकर बरेली गुजारा जाएगा। जिसका सीधा लाभ चंदौसी व इस रूट पर आने वाले सभी स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा।
----------------------------
मुरादाबाद से चंदौसी तक रेल लाइन के विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है, अब चंदौसी से बरेली के बीच कार्य शुरू किया जाएगा। उसके पूरा होने के बाद मुरादाबाद-बरेली वाया चंदौसी के बीच ट्रेनों को इलेक्ट्रिक लाइन से संचालन शुरू हो गया है। इसके बाद चंदौसी से अलीगढ़ रूट का इलेक्ट्रिफिकेशन होगा। प्रयास होगा कि इसी साल यह कार्य पूरा कर लिया जाए। -गौरव गोयल, डिप्टी चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (रेलवे)।