बबराला/रजपुरा। खेतों से होकर गुजर रही एक हाईटेंशन लाइन का एक तार टूट कर जमीन पर गिर गया। जिससे उठी चिंगारी से गन्ने के खेत में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि तीन किसानों की तकरीबन 25 बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने एक खेत की गन्ने की फसल को काटकर आग पर काबू पाया। जबकि मौके पर पहुंचने के लिए दमकल की गाड़ी को संकरे रास्तों में निकलने में दिक्कत हुई।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर में किसान दानसहाय और जयपाल सिंह के खेतों से होकर बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजरती है। सोमवार की दोपहर तकरीबन 2:15 बजे इस हाईटेंशन लाइन का एक तार टूट कर जमीन पर गिर गया। जिससे गन्ने की फसल में उठी चिंगारी से आग लग गई।
ग्रामीणों को इसकी भनक लग पाती तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते निकट के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दानसहाय और जयपाल की दस बीघा, प्रेमपाल की पांच बीघा, और वीरपाल की दस बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए फसल को काटकर बीच में रास्ता बनाया और आग लगने की सूचना पुलिस को दी गई।
जिसके बाद बबराला से दमकल की गाड़ी आग बुझाने के लिए जा रही थी वह पंवारी गांव में रास्ता संकरा होने के कारण फंस गई। जिसके बाद उसे पहलवाड़ा गांव होकर जाना पड़ा। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। अग्निशमन केंद्र प्रभारी नारायण सिंह ने बताया कि सूचना के बाद उन्हें जिस गांव से होकर रास्ता बताया गया वहां वाहन खड़े होने के कारण काफी देर तक फंसे रहे। जिसकी वजह से उन्हें आए दिन दिक्कत होती रहती है।