डीसीएम की टक्कर से किसान की मौत
गवां/रजपुरा (संभल)। गवां-हसनपुर मार्ग पर डीसीएम ने डनलप को टक्कर मार दी। इससे एक बैल की मौत हो गई, जबकि किसान ने मुरादाबाद उपचार को जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। डनलप में टक्कर लगने के बाद डीसीएम खंदक में पलट गई। पुलिस ने डीसीएम चालक को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी विद्याराम (50) मंगलवार की दोपहर डनलप में धान लाद कर गवां आढ़त पर बेचने जा रहा था। जब डनलप गवां स्थित हनुमान मंदिर के समीप पहुंची उसी दौरान अनूपशहर की ओर से आ रही तेज गति डीसीएम ने डनलप में सामने से टक्कर मार दी। इससे एक बैल की मौत हो गई, जबकि किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। डनलप में टक्कर लगने के बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल किसान को संभल प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया। मुरादाबाद इलाज को जाते समय किसान ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस व किसान के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।