सरायतरीन में विवाद के बाद प्रशासन सतर्क, पीएसी तैनात
संभल। पलायन के पोस्टर लगने के बाद पुलिस और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सरायतरीन में फिर कोई विवाद न हो, इसके मद्देनजर एहतियाती कार्रवाई की जा रही है। मौके पर पुलिस सतर्कता बनाए हुए है और पीएसी की तैनाती कर दी गई है। इस बीच बवाल के लिए नामजद तीन लोग पकड़े गए हैं।
सरायतरीन में 30 सितंबर को रावण दहन के दौरान पुलिस के सामने एक वर्ग के लोगों पर पथराव हो गया था। इस घटना में दो लोग घायल थे। घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एएसपी मौके पर गए थे और सुरक्षा का भरोसा दिया गया था। लेकिन जब न सुरक्षा मिली और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई तो एक पक्ष के लोगों ने घर छोड़ने की तैयारी कर ली और अपने घरों के बार पोस्ट लगा दिए। पोस्टरों में लिखा गया था कि घर बिकाऊ हैं। पोस्टरों के लगने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने थाना पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। हयातनगर के प्रभारी निरीक्षक नाथीराम पवार ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके मुताबिक शेरू, बाली, जरीफ को पकड़ा गया है। जबकि सतर्कता के लिए एक प्लाटून पीएसी लगाई गई है।