संभल। कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी अनस उर्फ आर्यन की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी है। मामले में 12 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून की रात अनस उर्फ आर्यन के साथ मारपीट की घटना हुई थी। उस समय मामले में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घायल अनस का मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता अजीमुद्दीन ने आरोप लगाया कि उनका बेटा एडीएम कोर्ट में एक विचाराधीन मामले की तारीख पर गया था। वहां से लौटते समय उसके साथ उसके दोस्त फैजुद्दीन, इबले हसन और अतुल भी मौजूद थे। आरोप है कि नंदा फैक्टरी के आगे कार और बाइक से आए लोगों ने उनकी कार रोक ली और अनस के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन अपने साथ ले गए।
परिजनों के अनुसार, दोस्तों से सूचना मिलने पर तलाश शुरू की गई। देर रात अनस भवानीपुर पुल के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसमें कुछ लोग मारपीट करते और युवक को ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने अनुज, मनोज, नरेंद्र, अजीत, शशांक चहल, ऋषभ, विकास, शिवराज, गौसे, सचिन और संजीव समेत 12 आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ दी है।
सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।