संभल। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने व पुलिस हेल्पलाइन के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें यातायात निरीक्षक ने हाईवे पर लागू होने वाले यातायात नियमों की जानकारी दी। पुलिस ने आपातकालीन सहायता के लिए नंबरों के बारे में बताया गया। नगर के हिंद इंटर कालेज में आयोजित अमर उजाला फाउंडेशन की पुलिस कार्यशाला में यातायात निरीक्षक अनुज मलिक ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यातायात नियमों के अनुसार यात्रा करने दुर्घटना से बचा जा सकता है। जिसमें दुपहिया वाहन पर बैठे दोनों सवारियों को हेलमेट लगाना अनिवार्य है। जबकि चार पहिया वाहन में सभी यात्री अपनी सीट बेल्ट जरूर लगाकर चलें। स्पीड डाइन से बचे वर्तमान में सबसे अधिक हादसे स्पीड डाइन से हो रहे है। छात्र-छात्राओं को बताया कि वह साइकिल चलाते समय अपनी साइड का ध्यान रखे। रोड क्रास करने के लिए हाथ का इशारा जरूर करे। साइकिल के पीछे रिफलेक्टर लगाए और ब्रेक को ठीक कराते रहे। सड़क किनारे वाहनों को पार्क न करे। किस मोड़ पर किस संकेत को अमल लाना चाहिए और लाल बत्ती रुकना व स्पीड ब्रेकर पर रफ्तार कम करना जैसे नियमों को समझकर सावधानी बरतनी चाहिए। कोतवाली संभल से उपनिरीक्षक सहदेव सिंह ने बताया कि छात्राएं किसी भी आपात स्थित में महिला हेल्पलाइन 1090 को डायल करे जबकि किसी भी पुलिस सहायता के लिए 100 डायल करे। पाठशाला की अध्यक्षता प्रधानाचार्य विनोद कुमार व संचालन हरिद्वारी लाल ने किया।