गुन्नौर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सैमला गुन्नौर में फिर से बुखार के चलते एक और किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गुन्नौर क्षेत्र में बीस दिन में अब तक बुखार से तीन की मौत हो चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस घटना से अंजान बना हुआ है।
गर्मियां शुरू होते ही गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में बुखार सहित कई मौसमी बीमारियों ने अपने पैर पसार लिए हैं। बुखार अब जान लेबा हो चला है। पंद्रह दिन पहले कस्बा बबराला के मोहल्ला लोहिया कॉलोनी निवासी हरनाम सिंह के 12 वर्षीय बेटे देवेश कुमार की बुखार से मौत हुई थी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मखदूमपुर निवासी वीरभान के बेटे बबलू की बुखार आने से हालत बिगड़ती गई थी और आखिर में उसकी दस दिन पहले मौत हो गई थी। अब गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैमला गुन्नौर निवासी ओमवीर सिंह (13) पुत्र भारत सिंह एक सप्ताह से बुखार आ रहा था।
परिजन उसका उपचार करा रहे थे, लेकिन बुखार ठीक नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार डाक्टर से उसे दिमागी बुखार बता रहे थे। बुखार आने पर क्षेत्र के निजी चिकित्सक को दिखाया।
फायदा न होने पर युवक को काफी जगह दिखाया गया। लेकिन स्वास्थ्य में लगातार गिरावट के चलते शुक्रवार को दिल्ली के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां पर ओमवीर सिंह की हालत बिगड़ती चली गई और कुछ समय के बाद बुखार के चलते मौत हो गई। ओमबीर सिंह की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मेहनत मजदूरी करके पूरे परिवार का पालन पोषण कर रहा था। बीस दिन में क्षेत्र में बुखार अब तक तीन लोगों की जान ले चुका है। लेकिन स्वास्थ्य महकमा इसे लेकर मौन बना हुआ है।
------------------------------
-गुन्नौर क्षेत्र में बुखार से हो रही मौत की कोई जानकारी नहीं है। किसी ने ऐसी कोई सूचना नहीं दी है। जब तक कोई सटीक जानकारी नहीं मिलती, तब तक क्या किया जा सकता है। -डा.एसपी सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी गुन्नौर।