चंदौसी। यूं तो पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए ही होती है, लेकिन बनियाठेर थाने की नरौली पुलिस चौकी के भवन को पुलिस बदलना चाहती है। उसे आबादी से बाहर निकाल कर रोड पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसका सभी नगरवासी विरोध करने रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को राज्यमंत्री गुलाब देवी को ज्ञापन देकर पुलिस चौकी को पुराने भवन में ही संचालित करने की मांग की है।
नरौली कस्बे के व्यापारियों व अन्य लोगों ने राज्यमंत्री गुलाब देवी को गुुुरुवार को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि लंबे समय से पुलिस चौकी का संचालन कस्बे के अंदर किया जा रहा है। जिस भवन में पुलिस संचालित है, उसका किराया मात्र आठ रुपये प्रति माह लिया जाता है।
अगर पुलिस चौकी का भवन जर्जर हालत में है तो भवन स्वामी अनूप गुप्ता इसे सही कराने को तैयार हैं। जबकि इस समय पुलिस चौकी जहां ले जाए जाने की कोशिश की जा रही है। वह कस्बे से काफी दूर है। इससे कस्बे के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कस्बे के लोग इसको लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को भी अवगत करा चुके हैं। जनहित व कस्बे की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस चौकी को यथा स्थान ही रखा जाए। जिससे कस्बे के लोगों को सुरक्षा का एहसास हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के आबादी में रहने से लोगों को सुरक्षा का एहसास रहता है, लेकिन यदि पुलिस चौकी दूर चली जाएगी तो यहां अपराध में वृद्धि हो सकती है।