चंदौसी/ संभल। बनियाठेर थाना पुलिस ने थरेसा जय सिंह गांव के निकट गुरुवार की शाम को गश्त के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें दोनों पक्षों में फायरिंग हुई। एक पंद्रह हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल हो गया है। बदमाश के साथ साथ एक कांस्टेबल भी घायल हो गया है।
बनियाठेर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह मय फोर्स के गुरुवार की रात करीब आठ बजे थरेसा जय सिंह के तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे, इसी बीच एक बाइक पर दो युवक आते दिखे। उन्हें रुकने का इशारा किया तो कुछ दूर जाकर रुके लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल संजीव कुमार को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों पर फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, लेकिन दोनों ही बदमाश भागने लगे। इस पर हयातनगर, चंदौसी, धनारी, बहजोई थानाध्यक्षों को भी फोर्स के साथ बुला लिया गया। सीओ चंदौसी केके सरोज भी पहुंच गए। बदमाशों की घेराबंदी की गई तो घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। इसका नाम नंदराम पुत्र भाऊ निवासी अतरासी बताया जा रहा है। उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा है। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश व कांस्टेबल को पहले बहजोई फिर जिला अस्पताल संभल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि दूसरे फरार हुए बदमाश की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी बहजोई थाने से वांछित था, इसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मौके से बदमाशों की बाइक, एक तमंचा भी बरामद किया गया है।