एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर भी होगा चुनाव
20 जून को होगा नामांकन एक जुलाई को होगा मतदान
तीन जुलाई आएंगे सभी पदों के परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
संभल। जिले में तीन ग्राम प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत सदस्य व 81 ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। अधिसूचना जारी हो गई है। इसके मुताबिक 20 जून को सभी पदों के लिए नामांकन होंगे। एक जुलाई को मतदान होगा। ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर उप चुनाव होना है। यह पद निर्वाचित प्रतिनिधियों की मौत पर रिक्त हो गए थे।
बहजोई ब्लाक के गांव आनंदपुर, बिलारी आंशिक के गांव छावड़ा और पवांसा के ऐंजरा के ग्राम प्रधान व गुन्नौर ब्लाक के गांव रसूलपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत हो गई थी। ऐसे में यह सभी पद रिक्त चल रहे हैं। जबकि जिले भर में ग्राम पंचायत सदस्य के 81 पद रिक्त चल रहे हैं। इसी को देखते हुए चुनाव आयोग ने रिक्त पदों को भरने के लिए कार्यक्रम तय कर दिया है। 20 जून को सुबह 10.00 बजे से लेकर शाम 4.00 बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। 22 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 24 जून को उम्मीदवार शाम 3.00 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते है। उसी दिन इसके बाद उम्मीदवारों को प्रतीक चिह्न दिया जाएगा। एक जुलाई को सभी पदों पर चुनाव होगा। जबकि 3 जुलाई को मतगणना होगी। एडीएम आरपी यादव ने बताया कि चुनाव कराने की तैयारी चल रही है। 20 जून से नामांकन होंगे। जबकि एक जुलाई को मतदान होना है। चुनाव प्रक्रिया ब्लाक मुख्यालयों पर होगी।