शहीद के परिजनों को मिली छह लाख की मदद, सांसद ने दिए चेक
शहीद के पिता ने सांसद से कहा- सरकार शहीदों को इसी तरह देती रही मदद
अमर उजाला ब्यूरो
संभल। शहीद सुधीश कुमार के परिजनों ने उत्तर प्रदेश सरकार ने सांसद सत्यपाल सैनी की पैरवी पर छह लाख रुपये की आर्थिक मदद दी है। इसमें चार लाख रुपये के चेक हैं और दो लाख रुपये के फिक्स डिपॉजिट शामिल है। सांसद सत्यपाल ने बुधवार को शहीद के गांव पनसुुुखा मिलक पहुंचकर आर्थिक मदद प्रदान की।
संभल जिले के पनसुखा मिलक गांव निवासी सुुधीश कुमार भारत-पाक सीमा पर देश की खातिर 16 अक्तूबर-2016 को कुुर्बान हुए थे। केंद्र सरकार की ओर से उन्हें आर्थिक मदद मिल चुकी है। लेकिन राज्य सरकार की ओर से मदद न मिलने पर शहीद के परिजनों ने सीएम योगी के मुरादाबाद दौरे से पहले अपने गांव में आमरण अनशन शुरू कर दिया था। यह मुद्दा सांसद सत्यपाल सैनी ने 21 मई को मुरादाबाद मंडल की समीक्षा करने आए सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने उठाया था। शहीद के परिजनों से की भी सीएम से सीधे बात कराई थी। सांसद की पैरवी का यह नतीजा है कि शहीद के परिजनों के लिए योगी आदित्यनाथ ने छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मंजूर की। मदद के तौर पर शहीद की मां हरवती के नाम दो लाख रुपये का चेक है। इसके साथ ही दो लाख रुपये का चेक शहीद की पत्नी कविता के नाम है। कविता के नाम ही दो लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट की गई है। सांसद ने यह चेक और फिक्स डिपॉजिट की राशि सौंपी है। चेक प्राप्त करने के बाद शहीद के पिता ने सांसद से कहा कि सरकार शहीदों के लिए इसी तरह की आर्थिक मदद करती रही।