संभल। शहर के गली-मोहल्लों की सड़कों और नाले-नालियों के सुधार के लिए 10 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की गई है। इसके तहत तीन प्रमुख सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इन कार्यों पर 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि 9 करोड़ रुपये के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इससे शहर के 137 अन्य स्थानों पर काम कराए जाएंगे।
नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला हौज भद्देसराय, भूरे शाह रोड और कुम्हारों वाले मंदिर हातिमसराय में जलभराव और कीचड़ की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। अब इन क्षेत्रों को इस परेशानी से निजात मिलेगी। नगर पालिका के जेई निर्माण अमन वर्मा ने बताया कि इन तीनों स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू कराया गया है। भूरे शाह रोड पर 36 लाख रुपये, हौज भद्देसराय में 21 लाख रुपये और कुम्हारों वाले मंदिर हातिमसराय में 39 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़कों के निर्माण से आवागमन में सहूलियत होगी।
स्थानीय लोगों की पुरानी समस्या का होगा हल
हौज भद्देसराय और भूरे शाह रोड पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। हौज भद्देसराय में एक युवक की मौत के बाद उसकी अंतिम यात्रा कीचड़ से होकर गुजरी थी। इस तस्वीर ने लोगों को झकझोर दिया था। अखबार ने इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और कई बार खबरें प्रकाशित कीं। इसके परिणामस्वरूप जिम्मेदार अधिकारियों की नींद टूटी और काम शुरू हुआ।
137 अन्य स्थानों पर भी जल्द शुरू होंगे काम
शहर की अन्य गली-मोहल्लों में सड़कों और नाले-नालियों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। नगर पालिका के ईओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि नगर क्षेत्र में कुल 137 स्थानों पर यह काम होगा। यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी होगी। निर्माण कार्य दो से तीन माह में संबंधित फर्म को पूरा करना होगा। आदित्य प्रकाश ने कहा, शहर की तीन सड़कों पर काम शुरू कराया गया है। नगर क्षेत्र में 137 स्थानों पर निर्माण कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। टेंडर होते ही काम शुरू कराए जाएंगे। निर्माण कार्य 2-3 माह में संबंधित फर्म को पूरा करना होगा।