चंदौसी। तहसील दिवस में किसानों की शिकायत पर प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए नरौली से ग्राम पंचायत आटा जाने वाले ग्राम समाज के चकरोड से अतिक्रमण हटवा दिया। जेसीबी की मदद से करीब 640 मीटर लंबे चकरोड को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग आठ बीघा ग्राम समाज की भूमि खाली कराई गई, जिससे किसानों और ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता बहाल हो गया।
ग्राम समाज के गाटा संख्या 2430 (रकबा 0.502 हेक्टेयर) पर लंबे समय से अतिक्रमण होने के कारण चकरोड बंद था। बड़ी संख्या में किसानों ने तहसील दिवस में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। नायब तहसीलदार सतेन्द्र सिंह चाहर सोमवार को राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेखपाल राजीव शर्मा व हरकिशोर की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण हटवाकर चकरोड खुलवाया गया। लेखपाल राजीव शर्मा ने बताया कि यह चकरोड पहले भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन बाद में दोबारा कब्जा कर लिया गया।
शिकायत मिलने पर दूसरी बार कार्रवाई कर रास्ता खुलवाया गया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि किसी ने दोबारा चकरोड पर अतिक्रमण किया तो संबंधित लोगों के खिलाफ राजस्व व विधिक कार्रवाई करते हुए आरसी जारी कर वसूली की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है।