सहारनपुर। सहारनपुर डिपो में कार्यरत महिला परिचालक ने जोनल स्टेशन इंचार्ज पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत पीड़िता ने एसएसपी से की थी। अब इस मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना सदर बाजार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
महिला परिचालक अनुपमा ने तहरीर देकर बताया कि 25 अक्तूबर 2025 को बीमारी के कारण वह ड्यूटी पर नहीं जा सकी थी। आरोप है कि इसी दौरान जोनल स्टेशन इंचार्ज इंद्रपाल सिंह ने ड्राइवर को फोन कर उसके बारे में अशोभनीय और अपमानजनक बातें कहीं। इसके बाद दो नवंबर को डिपो कार्यालय में अन्य कर्मचारियों के सामने भी अपशब्द कहे और जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।
महिला परिचालक का कहना है कि इन बातों की जानकारी मिलने के बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। तीन नवंबर को जब वह डिपो पहुंची और अधिकारियों से शिकायत की तो आरोपी ने फिर से बदतमीजी की और धमकी दी कि वह उसकी नौकरी खत्म करा देगा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे जान का खतरा है। थाना सदर बाजार पुलिस ने जोनल स्टेशन इंचार्ज इंद्रपाल के खिलाफ एससीएसटी समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।