चुनेहटी गाडा में युवक की हत्या के बाद मौक पर जांच करती पुलिस
रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। गांव चुनहैटी गाड़ा में बच्ची को लेकर हुए विवाद में रिश्तेदार ने ही एक व्यक्ति को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चुनहैटी गाड़ा निवासी फुरकान (35) पुत्र अब्दुल रहमान का कुछ समय पहले पत्नी गुलशाना के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद उसकी पत्नी मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में रहने वाले अपने बुआ के लड़के सालिम के साथ रहने लगी, जिसे वह अपना पति भी बताती थी। मगर, दोनों की शादी नहीं हुई थी। कुछ समय पूर्व गुलशाना दोबारा फुरकान के पास आकर रहने लगी। गुलशाना के एक छह माह की बेटी है। एसपी सिटी ने बताया कि मंगलवार की रात सालिम यहां फुरकान के घर आया हुआ था, जहां सालिम ने बच्ची पर अपना जताया और कहा कि बच्ची उसकी है, जबकि फुरकान ने कहा कि बच्ची उसकी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देर रात डेढ़ बजे सालिम ने चाकू मारकर फुरकान की हत्या कर दी।
सूचना पर सीओ चंद्रपाल शर्मा और कोतवाली प्रभारी विनय कुमार फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेजा। सीओ चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।