-स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीमार लोगों का उपचार कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद, 18 सितंबर। इस्माईलपुर गुर्जर गांव में बुखार से एक युवक की मौत हो गई जबकि 35 से अधिक लोग बीमार हैं। जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वहीं, बुखार से हुई मौत के बाद ग्रामीण दहशत में है।
ग्रामीण कंवरपाल का 32 वर्षीय पुत्र पिंका कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। जिसका गांव में ही उपचार चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे यमुनानगर लेकर जा रहे थे। लेकिन देर रात की उसकी मौत हो गई। मृतक पिंका का सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बुखार से संदीप, सोनी, गीता, मानू, महक सिंह, गुरमीत, विपिन और तीरथ समेत बड़ी संख्या में लोग बीमार हैं। जिनका देवबंद समेत अन्य प्राइवेट अस्पतालों में उपचार चल रहा है। कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में फोगिंग नहीं कराई जा रही है जिस कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की है।
वहीं, ग्राम प्रधान रेशमा के प्रतिनिधि अंकुर ने बताया कि तीन-चार बार गांव में फोगिंग कराई जा चुकी है। सफाई व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीणों के आरोप निराधार हैं।
दीपक शर्मा