गंगोह। स्कूटी से अपने गांव लौट रही दो युवतियों के साथ रास्ते में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कार सवार युवकों ने उन्हें जबरन रोककर छेड़छाड़ की। युवतियों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। परिजन विरोध करने आरोपियों के घर गए तो वहां उन्हें पीटा गया। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार रविवार शाम नगर के एक अस्पताल में कार्यरत युवती अपनी सहेली के साथ स्कूटी से गांव लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कार सवार दो युवकों ने उनका पीछा करते हुए अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दी। आरोप है कि सुनसान स्थान पर आरोपियों ने अपनी कार स्कूटी के आगे लगाकर दोनों को जबरन रोक लिया और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। युवतियों के शौर मचाने पर आरोपी धमकियां देते हुए चले गए। दोनों युवतियां घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। गुस्साएं परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे। पुलिस को भी बुलाया गया।
वहां पुलिस की मौजूदगी में ही उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। सोमवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवकों मोनू, लोकेंद्र और सोनू के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।