स्नातक में दाखिले के लिए करा सकते हैं पंजीकरण
सहारनपुर। महाविद्यालयों में संचालित स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में सत्र 2022-23 में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण फिर से शुरू हो गए हैं। अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को दाखिले का मौका देने के लिए मां शाकंभरी विश्वविद्यालय ने पंजीकरण के लिए वेबसाइट 30 सितंबर से चार अक्तूबर तक खोलने का निर्णय लिया है।
सभी पुराने और नए पंजीकृत, अप्रवेशित अभ्यर्थी अपनी लॉगिन आईडी से छह अक्तूबर और सात अक्तूबर को ब्लैंक ऑफर लेटर डाउनलोड कर उसमें अपनी इच्छा से कोई भी महाविद्यालय (जहां सीट उपलब्ध हो) और कोर्स, जिसके लिए अभ्यर्थी अर्ह हैं, भरकर महाविद्यालय में छह और सात अक्तूबर को जमा करा सकते हैं।
साथ ही अभ्यर्थी प्रति (स्टूडेंट कॉपी) महाविद्यालय से प्राप्त करेंगे। महाविद्यालयों में जमा किए गए ब्लैंक ऑफर लेटर से रिक्त सीटों के सापेक्ष आरक्षण नियमानुसार महाविद्यालय आठ अक्तूबर को मेरिट लिस्ट बनाकर दस और 11 अक्तूबर को प्रवेश करेंगे। संबंधित महाविद्यालय 11 अक्तूबर तक प्रवेश पोर्टल पर अभ्यर्थियों का प्रवेेेश संपुष्ट जरूर कर लें। विश्वविद्यालय के प्रवेेश समन्वयक प्रोफेसर नरेश कुमार मलिक ने बताया कि दाखिले के लिए यह अंतिम अवसर होगा।
दाखिले के दूसरे दिन भी उमड़े अभ्यर्थी
सहारनपुर। पहली ओपन मेरिट के दाखिलों का बृहस्पतिवार को दूसरा और अंतिम दिन रहा। बृहस्पतिवार को दाखिले के लिए अभ्यर्थी महाविद्यालयों में पहुंचे और दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण की। महाराज सिंह कॉलेज में बृहस्पतिवार तक के दाखिलों के बाद बीए में 68, बीएससी बायोलॉजी में 29 और बीएससी गणित में 28 सीट शेष हैं। उधर, जेेवी जैन कॉलेज में भी अब गिनी चुनी ही सीटें बीए, बीएससी और बीकॉम में बची हैं।
जेवी जैन डिग्री में फार्म जमा करते छात्राएं- फोटो : SAHARANPUR