फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: दिल्ली-देहरादून इकॉनमिक कॉरिडोर के अंतिम चरण का काम शुरू

Thu, 30 Mar 2023 12:48 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
बिहारीगढ़ में फ्लाई ओवर बनाने के लिए तोड़ा गया डिवाइडर
विज्ञापन
सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून इकॉनमिक कॉरिडोर पर जनपद में अंतिम चरण के फेज का काम शुरू हो गया है। इसके लिए गागलहेड़ी क्षेत्र के हरोड़ा से बिहारीगढ़ के गणेशपुर तक सर्विस रोड और बिहारीगढ़ में करीब एक किलोमीटर लंबा फ्लाई ओवर बनाया जा रहा है। जिले की सीमा में आठ जगह प्रवेश और निकास द्वार बनेंगे। गणेशपुर के पास बड़ा टोल प्लाजा और फूड पार्क स्थापित किया जाएगा।
विज्ञापन

भारतमाला परियोजना के तहत दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून तक इकॉनमिक कॉरिडोर बनाया जा रहा है। जनपद कॉरिडोर पर गणेशपुर से डाट मंदिर तक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसके चार सौ से ज्यादा आधार स्तंभ (पिलर) खड़े हो चुके हैं। उन्हें आपस में जोड़ने का काम भी शुरू हो गया है। अब छुटमलपुर और बिहारीगढ़ क्षेत्रों में भी इस कॉरिडोर (छह लेन एक्सप्रेस वे) पर काम प्रारंभ हो गया है। गागलहेड़ी के हरोड़ा से बिहारीगढ़ के गणेशपुर तक हाईवे की रेलिंग उतार कर सर्विस रोड का काम शुरू कर दिया गया है।
इन स्थानों पर बनेंगे द्वार
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साइट इंजीनियर विपिन सिंह ने बताया कि जिले में इस अंतिम चरण में सहारनपुर बाईपास पर बेलड़ा से एक्सप्रेस वे शुरू होगा। इस पर चढ़ने तथा उतरने के लिए बेलड़ा, लाखनौर, गागलहेड़ी के कोलकी, हरोड़ा, छुटमलपुर के बड़कलां, मीरपुर, बिहारीगढ़ के मनोहरपुर और गणेशपुर में प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। इन द्वारों पर छोटे टोल लगाए जाएंगे। जबकि बड़ा टोल प्लाजा गणेशपुर के पास लगेगा। यहीं पर फूड पार्क, पेट्रोल पंप सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए स्टेशन बनेगा। उन्होंने बताया कि हरोड़ा से चमारीखेड़ा तथा रसूलपुर से गणेशपुर तक सर्विस रोड बनाने का काम शुरु कर दिया गया है। एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए हरोड़ा, सोना, चमारीखेड़ा, शेरपुर खानाजादपुर, अमानतगढ़, सुंदरपुर चौक पर अंडरपास बनाए जा रहे हैं।
विज्ञापन

विपिन सिंह ने बताया कि बिहारीगढ़ में 950 मीटर लंबा पिलर वाला फ्लाई ओवर बनाया जा रहा है। फ्लाईओवर बिहारीगढ़ के रविदास मंदिर के निकट से शुरू होकर थाने के गेट पर जाकर डाउन होगा। दिसंबर 2024 तक एक्सप्रेस वे पर वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।
जिले के 28 गांव से होकर गुजर रहा कॉरिडोर
सहारनपुर। यह कॉरिडोर जिले में 28 गांव से होकर गुुजर रहा है। अंबेहटा मोहन, जड़ौदापांडा, हसनपुर लौटनी, मौरा, तिलफरा ऐनाबाद, बड़ूली नयागांव, खुदाबक्सपुर, बड़गांव, दल्हेड़ी, चंदपुर मजबता, मियानगी, कुतबा माजरा, मिर्जापुर, अंबेहटाचांद- भगवानपुर, हलगोवा, बेलड़ा जुनारदार, साढ़ौली हरिया, नसरतपुर, सकतपुर, ताशीपुर, रसूलपुर खेड़ी, नैनसोब, कुतुबपुर, जैनपुर, सरगथल आदि गांव के किसानों की जमीन इसके लिए अधिग्रहीत की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें