सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में कोरोना काल के दौरान पीएम केयर फंड से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट करीब दस दिन से बंद पड़ा है। प्लांट के कंप्रेशर में खराबी आई है, जिसे अस्पताल प्रबंधक अभी तक ठीक नहीं करा पाया है। एसबीडी जिला अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के सहारे ही महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की सांसें चल रही हैं।
कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन को लेकर भारी किल्लत हुई थी। इस दौरान जरूरत के अनुसार मरीजों को ऑक्सीजन के सिलिंडर नहीं मिले थे। इसके बाद ही जिला महिला अस्पताल में पीएम केयर फंड से 960 लीटर प्रति मिनट का ऑक्सीजन प्लांट लगवाया गया, ताकि भविष्य में किसी की आपदा के दौरान मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न रहे। अस्पताल के पास खुद ही ऑक्सीजन की व्यवस्था हो। बीते करीब दस दिन से महिला अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट बंद पड़ा है। इसके कंप्रेशर में कमी आ गई है। अस्पताल प्रबंधन ने प्लांट की खराबी को ठीक करने के लिए इंजीनियर बुलाए, लेकिन वह भी ठीक नहीं कर पाए थे। अब दोबारा से इंजीनियरों को बुलाया है।
जिला अस्पताल के प्लांट से ऑक्सीजन की सप्लाई
एसबीडी जिला अस्पताल में हड्डी वार्ड के पास स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की पाइपलाइन को महिला अस्पताल की पाइपलाइन से जुड़ी हुई है। जिला अस्पताल के प्लांट से ही महिला अस्पताल के वार्डों में ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। हालांकि, यह प्लांट 24 घंटे चालू नहीं रहता है। ऐसे में ऑक्सीजन सिलिंडरों से अस्पताल में व्यवस्थाएं चला रखी हैं। ऑक्सीजन की ज्यादा जरूरत एसएनसीयू में होती है।
महिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट का कंप्रेशर काम नहीं कर पा रहा है। इसके चलते प्लांट से ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं हो पा रही है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए एसबीडी जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट व सिलिंडरों से काम किया जा रहा है।
डॉ. नवदीप गुप्ता, नोडल अधिकारी, ऑक्सीजन प्लांट