अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर के गंगोह के गांव मोहम्मदपुर गुर्जर में परचून की दुकानों पर हो रही अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ महिला प्रधान ने अन्य महिलाओं के साथ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बाज ना आने की सूरत में अवैध शराब विक्रेताओं को रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है। महिलाओं ने डीएम से भी कार्रवाई की मांग की है।
महिलाओं का आरोप है कि गांवों में परचून की दुकानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इससे युवा पीढी नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रही है। पुलिस की निष्क्रियता से इस धंधे में लगे लोग खुलेआम शराब बेच रहे हैे।
गांव मोहम्मदपुर की महिला प्रधान शशि देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला सरिता, पिंकी, नीलम, रचना, बबली, बाला, शकुंतला, सुदेश, प्रियंका, रत्नो, ज्ञानो एवं रोशन आदि ने कहा कि गांव में आसानी से शराब मिलने से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही और गांव का माहौल भी खराब हो रहा है।
महिला प्रधान शशि देवी ने अवैध रूप से शराब बेचने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा अगर कोई गांव में शराब बेचते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ वह स्वयं थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराएंगी।
महिलाओं ने डीएम से भी गांव में पुलिस भेजकर ऐसे दुकानदारों की जांच कराने की मांग की। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से भी ऐसे लोगों की सूचना देने और शराबखोरी से बचने की अपील की है। प्रधान की इस चेतावनी से पूरे गांव के दुकानदारों में खलबली मच गई है।