हंगामा कर रहे मृतक महिला के परिजनों को शांत करते सपा नेता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की लगातार रक्त बहने के कारण मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत किया। मामले में मृतका के देवर ने डॉक्टर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी शमीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 8.30 बजे तबीयत खराब होने पर भाई जावेद व अन्य परिजनों ने भाभी शबाना को सरकारी अस्पताल में जच्चा बच्चा वार्ड में भर्ती कराया था।
चिकित्सक ने ऑपरेशन के लिए चार हजार रुपये काउंटर फीस जमा कर ऑपरेशन कर दिया। तब तक जच्चा-बच्चा दोनों ठीक थे। फिर चिकित्सक ने कहा कि महिला का खून नहीं रुक रहा है दूसरा ऑपरेशन करना पड़ेगा। खून के लिए 3200 रुपये जमा भी कराए गए।
आरोप है कि चिकित्सक ने बिना खून चढ़ाए ही उसकी भाभी का दूसरा ऑपरेशन कर दिया, लेकिन उसके बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टर ने उसे सहारनपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां पहुंचने पर चिकित्सक ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। शमीम का आरोप है कि चिकित्सक ने उपचार में लापरवाही बरती, जिसकी वजह से उसकी भाभी की जान गई है।
वहीं, शबाना की मौत से गुस्साए परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत किया। बाद में काफी संख्या में महिलाएं और पुरुष लापरवाही बरतने वाले चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, कोतवाल बिजेंद्र यादव का कहना है कि पीड़ित परिजनों ने तहरीर दी है, लेकिन वह पोस्टमार्टम के लिए इंकार कर रहे हैं। बिना पोस्टमार्टम कराए कार्रवाई नहीं की जा सकती। यदि वह पीएम कराने के लिए तैयार हो जाते हैं तो उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।