तीतरों। बरसात में ग्राम धानवा में मकान गिरने से महिला को मामूली चोटें आने के साथ ही सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। गांव निवासी सुल्तान राव ने बताया कि उसका कच्चा मकान था। बरसात की चपेट में आने से सोमवार रात में गिर गया। मलबे में दबने से मकान में सो रही उसकी पत्नी हासरौन को मामूली चोटें आई हैं। मकान गिरने के बाद शोर मचने पर परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला तथा स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया। मकान गिरने से फ्रिज, छत के पंखे और बाइक आदि सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। युवक का कहना है कि उसने कई माह पहले प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान बनवाने का प्रयास किया था परंतु सर्वे के बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका है। ग्राम प्रधान बाबूराव का कहना है कि योजना में युवक के परिवार का नाम सम्मिलित है। सरकार से बजट आवंटित होने पर मकान बनवाया जाएगा।