मृतका के परिजनों से बात करते सीओ नकुड़
- फोटो : SAHARANPUR
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सहारनपुर, सरसावा। नगर निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के माता पिता ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा विवाहिता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को सुबह नगर के मोहल्ला पूर्वी अफगानान निवासी रचना (27) पत्नी संदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही गंगोह निवासी मृतका की मां सीमा देवी, पिता नरेश कुमार, भाई रोहित एवं मोहित सरसावा पहुंचे। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर सीओ नकुड़ अरविंद सिंह पुंडीर एवं सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवाहिता की पांच साल पहले शादी हुई थी। उसके ढाई साल की एक बच्ची है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद सिंह पुंडीर ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।