सहारनपुर। नव निर्वाचित महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि वह बुनियादी सुविधाओं पर काम करते हुए नागरिकों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह बात सोमवार को अपने कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के दौरान कही।
इससे पहले नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। मां संतोष देवी और पत्नी ने भी कार्यालय पहुंचकर डॉ. अजय कुमार को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। इनके अलावा भाजपा नेताओं, पार्षदों और अनेक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर डॉ. अजय को महापौर बनने की बधाई दी। नवनिर्वाचित महापौर ने कहा कि जनता को जो अपेक्षाएं उनसे हैं, वह उन पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पेयजल, पथ प्रकाश, सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण आदि पर गंभीरता के साथ काम किया जाएगा। निगम की जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के साथ ही सड़कों से अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
उन्होंने शहर को सुंदर और विकसित बनाने के लिए जनता से सहयोग की भी अपील की। इससे पहले नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने महापौर को बधाई देते हुए नगर निगम को एक टीम के रूप में जोड़कर शहर का विकास करने की बात कही। पूर्व सांसद राघव लखनपाल, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व महापौर संजीव वालिया, केएल अरोड़ा आदि ने उन्हें बधाई दी। पूर्व विधायक लाजकृष्ण गांधी ने सख्ती के साथ शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने तथा बस अड्डे के लिए जमीन तलाशने की मांग महापौर के समक्ष रखी। महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि महानगर में 70 हजार से अधिक भवन ऐसे हैं, जिन पर अभी तक टैक्स नहीं लगा है। बेशक टैक्स बढ़ा दो, लेकिन इन 70 हजार भवनों को भी टैक्स के दायरे में लाया जाए। शीतल विश्नोई, सुरेंद्र कपिल, अमित गगनेजा, शैलेंद्र भूषण गुप्ता, हेमंत अरोड़ा, पाल्ली कालड़ा, रविंद्र मिगलानी, अमर गुप्ता, डॉ. पंकज खन्ना, डॉ. रजनीश दहूजा, डॉ. मोहन सिंह आदि ने भी पहुंचकर बधाई दी।
बेहट में पूर्व राज्यमंत्री सुनील भराला का स्वागत करते परशुराम परिषद के कार्यकर्ता