संदिग्ध हालात में जहर खाने से विधवा की हालत गंभीर
गंगोह। संदिग्ध हालात में जहर खाने से विधवा की हालत अचानक बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बाढ़ीमाजरा गांव निवासी अफसाना पुत्री असगर की शादी करीब आठ साल पहले आलमपुर निवासी युवक से हुई थी। उसकी दो बेटियां हुई जो फिलहाल छह और दो साल की हैं। दूसरी बेटी के जन्म के कुछ दिन बाद ही उसके पति की करंट लगने से मौत हो गई थी। मायके वालों का कहना है कि अफसाना के घर का खर्च वह स्वयं उठा रहे हैं। बावजूद ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते रहते हैं। आरोप है कि ससुराल वाले न तो उसे मकान और न ही जमीन में हिस्सा देना चाहते हैं।
सोमवार सुबह जब घर के खर्च व बंटवारे की बात होने लगी तो ससुरालियों ने पहले तो उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। फिर जान से मारने की नीयत से जहर दे दिया। पीड़िता के चिल्लाने पर पड़ोसियों ने मायके वालों को कॉल कर घटना की सूचना दी। इसके बाद पीड़िता को सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाली से एसआई सतीश कुमार भी सीएचसी पहुंचे और पीड़िता के बयान लिए। कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा का कहना है कि परिवार में पुराना विवाद है। घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।