सहारनपुर में कैराना उप चुनाव के मद्देनजर धन का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गंगोह विधानसभा के ननौता में चेकिंग के दौरान मेरठ के कंकरखेड़ा के एक व्यक्ति की कार से बीस लाख रुपये की नगदी जब्त की है।
कागजात उपलब्ध न कराने पर रकम ट्रेजरी में जमा कराकर आयकर अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि रुपया नंबर एक का होगा तो आयकर विभाग की जांच के बाद वापस कर दिया जाएगा।
कैराना लोक सभा में जिले की गंगोह और नकुड़ विधानसभा भी शामिल है। चुनाव में रुपयों का गलत इस्तेमाल न हो। साथ ही प्रतिबंधित चीजों जैसे शस्त्र आदि के खुले तौर पर लाने और ले जाने पर भी रोक है।
इसके लिए प्रशासन और पुलिस की कई टीमें बनाई गई है, जो आकस्मिक चेकिंग कर रही है। बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम नानौता में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार से 20 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
नकदी के साथ पकड़े गए व्यक्ति ने अना नाम सुशील गर्ग निवासी कंकरखेड़ा मेरठ बताया है। रकम को लेकर संतोषजनक जवाब न देने पर नकदी को ट्रेजरी में रखवा दिया है। आयकर विभाग की टीम रुपये की जांच में जुट गई है। एसडीएम डीपी सिंह ने बताया कि यदि रुपया नंबर एक का होगा तो उसे छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगे भी इस तरह कार्रवाई जारी रहेगी।