पंजाब में किसान आंदोलन से थमे रहे ट्रेनों के पहिए
सहारनपुर। पंजाब में किसान आंदोलन के चलते रविवार को ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया रहा। सहारनपुर से होकर गुजरने वाली अनेक ट्रेनों के पहिये ढाई से तीन घंटे तक थमे रहे। शहीद एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से चलकर सहारनपुर में ढाई घंटा खड़ी रही। अंत्योदय एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस और कोलकाता-अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी देरी से चली। जिसके चलते यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पंजाब में किसान अपनी मांगों को लेकर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं। किसान आंदोलन के चलते रेलवे ने पहले ही विभिन्न डिवीजनों में सुबह 11 से तीन बजे तक चार घंटे के ब्लॉक की घोषणा कर दी थी। जिससे ट्रेनों के संचालन पर खासा असर पड़ा। गाड़ी संख्या 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस के सहारनपुर पहुंचने का समय 9:58 बजे का है, लेकिन रविवार को यह ट्रेन 11:23 बजे पहुंची। इसके बाद इस ट्रेन को प्लेटफार्म छह पर करीब दो बजे तक खड़ा किए रखा।
इसी तरह पंजाब की तरफ से आने वाली गाड़ी संख्या 22552 जालंधर-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस दो बजकर 20 मिनट पर आती है। यह ट्रेन आंदोलन के चलते पांच बजकर 20 मिनट पर आई। गाड़ी संख्या 15011 लखनऊ-चंडीगढ़ सद्भावना एक्सप्रेस 12:35 बजे आती है। यह ट्रेन सहारनपुर में 1:30 बजे पहुंची। 12357 कोलकाता-अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11:20 बजे आती है, लेकिन रविवार को दिन में 1 बजकर 49 मिनट पर आई। इन ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
- पूछताछ केंद्र पर लगी रही भीड़
ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। जब यहां यात्रियों को बताया गया कि पंजाब में किसान आंदोलन के चलते ट्रेनें लेट आएंगी तो यात्री प्लेटफार्म पर ही बैठ गए। यात्रियों को ट्रेनों का दो से ढाई घंटे बैठकर इंतजार करना पड़ा।
-
पंजाब में किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से सहारनपुर में लेट पहुंची। जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। - एके त्यागी, स्टेशन अधीक्षक
पंजाब में किसान आंदोलन के चलते रेलवे स्टेशन पर खड़ी जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस- फोटो : SAHARANPUR