सहारनपुर। सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं को बारिश से बचाने के लिए प्लास्टिक की पन्नियों और तिरपाल का ही सहारा है। यदि बारिश के साथ तेज हवा भी चली तो बाहर रखे गेहूं के भीगने की आशंका है। खाद्य विपणन विभाग का दावा है कि उन्हें क्रय केंद्रों से करीब 93 प्रतिशत गेहूं उठान करा दिया है। क्रय केंद्रों से अभी भी 7655 मीट्रिक टन गेहूं का उठान नहीं हो सका है।
बडगांव में हवा से तिरपाल उड़ने से कुछ गेेहूं भीग गया है। बड़गांव गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि बाहर रखे गेहूं को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल से ढक रखी है। हवा में तिरपाल उडने से वहां रखा कुछ गेहूं भीग गया है। तीन दिनों से बारदाना नहीं होने से तौल बंद है। किसान सेवा सहकारी समिति मियानगी पर गेहूं बेचने की लाईन में लगे किसानों ने भारतीय किसान संघ के ब्लाक अध्यक्ष सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में हंगामा किया। क्रय केन्द्र प्रभारी सहित समिति के कर्मचारी नदारद मिले।
रामपुर मनिहारान क्रय केंद्र से अधिकांश गेहूं गोदामों में भेजा जा चुका है। शेष गेहूं क्रय केंद्रों पर छायादार स्थानों पर संग्रह किया हुआ है। क्रय केंद्रों पर बारदाने के अभाव है। गांव कालाहेड़ी के किसान रियासत, आरिफ का कहना है कि उनका गेहूं सोना अर्जुनपुर सहकारी क्रय विक्रय केंद्र पर चार दिनों से ट्रैक्टर ट्राली में लदा खड़ा है बारदाने की कमी के चलते उनके गेहूं का तौल नहीं किया गया है। । साढ़ौली कदीम के जोधेबांस निवासी शम्भूलाल कांबोज का कहना है कि क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद बंद है, जबकि किसानों के वाहन गेहूं से लदे क्रय केंद्रों पर खडे़ हैं। हरिपुर क्रय केन्द्र प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि केवल 592 गेहूं के बोरों का अभी उठान नहीं हो पाया है। जिन्हें तिरपाल से ढक कर रखा गया है।
93 फीसदी भुगतान, 76 फीसदी गेहूं उठान
जनपद में खरीदे गए गेहूं का 93 प्रतिशत भुगतान हो चुका है। शेष भी जल्द ही किसानों के खाते में भेज दिया जाएगा। क्रय केंद्रों से 76 फीसदी से अधिक गेहूं को गोदामों में पहुंचा दिया गया है। सभी क्रय केंद्रों पर बारिश से गेहूं को बचाने के लिए पर्याप्त पन्नियां और तिरपाल हैं। इस बारिश से किसी भी क्रय केंद्र से गेहूं भीगने की सूचना नहीं है। ---- प्रिंस चौधरी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।
एक नजर में जिले में गेहूं खरीद
क्रय केंद्र ------------ 98
गेहूं खरीद -----------108389 मीट्रिक टन
गत वर्ष गेहूं खरीद ---58666 मीट्रिक टन
क्रय केंद्रों पर अवशेष गेहूं ---7655 मीट्रिक टन
खरीदे गए गेहूं का मूल्य ----214.06 करोड़ रुपये
अवशेष भुगतान ----------- 32.64 करोड़ रुपये
गेहूं बेचने वाले किसान ----32139
नोट: खाद्य विपणन विभाग के 17 जून के आंकड़ों के अनुसार।