यूपी में विपक्ष के इशारों पर उपद्रव हुआ। यह तो योगी सरकार थी, जिसने विपक्ष की सोच के अनुसार तांडव नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों को विपक्ष गुमराह कर रहा है। आजादी के बाद से हिंदुस्तान में मुस्लिमों की आबादी बढ़ी है, जबकि हिंदुओं सहित अन्य की आबादी पाकिस्तान में घटी है, फिर बताएं कि कहां मुस्लिम सुरक्षित हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि मोदी और योगी सरकार का कार्यकाल स्वर्णिम दिनों के रूप में याद किया जाएगा। यूपी में उपद्रव कराने के पीछे जिन राजनीतिक दलों का हाथ रहा है, उसकी भी जांच शुरू करा दी गई है। कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर विवाद हल कराने, मुस्लिम महिलाओं का उत्पीड़न रोकने को ट्रिपल तलाक पर कानून बनाने के साथ तमाम अहम फैसले लिए हैं।
इनके अलावा प्रदेश सरकार में आयुष राज्यमंत्री डाक्टर धर्म सिंह सैनी, क्षेत्रीय महामंत्री मोहित बेनीवाल, मेयर संजीव वालिया, सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक बृजेश सिंह, देवेंद्र निम, किरत सिंह, पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष जसवंत सैनी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने भी विचार रखे।
पथ संचलन में गूंजे भारत माता के जयकारे, लहराया तिरंगा
रैली के बाद गांधी पार्क से पथ संचलन निकाला गया, जिसमें भाजपाई और आरएसएस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कुछ कार्यकर्ता पैदल तो कुछ वाहनों पर सवार होकर भारत माता की जय और नागरिकता सुरक्षा संशोधन कानून के समर्थन में नारे लगाते हुए चल रहे थे। इसके साथ ही देशभक्ति के गीत डीजे पर चल रहे थे। संचलन घंटाघर, कोर्ट रोड, कलक्ट्रेट तिराहे होते हुए हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तिरंगा भी लहराया।
मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल
गांधी पार्क में आयोजित रैली में मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल हुए। भाजपा बुनकर एवं कामगार प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेेश संयोजक एम. आजादी के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोग गांधी पार्क पहुंचे। इसके अलावा देहात क्षेत्रों से भी मुस्लिम समाज के लोगों पहुंचकर नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन किया और संचलन में भाग लिया।
घंटाघर पर एसएसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान
गांधी पार्क में आयोजित रैली और संचलन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। संचलन के शुरू होने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार ने घंटाघर पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली तो कलक्ट्रेट पर एसपी सिटी विनीत भटनागर पुलिस फोर्स के साथ डटे रहे।