नागल के मेन बाजार में सड़क पर भरा बारिश का पानी
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह/नागल (सहारनपुर)। सोमवार को जम कर हुई बारिश में जहां कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं, वहीं बिजली आपूर्ति भी इस कारण गुल रही। सोमवार सुबह ही आसमान में बादल छा गए थे। सुबह ही हुई बूंदाबांदी के बाद जमकर पानी बरसा। लगातार पानी बरसने के कारण हर तरफ सड़कों पर पानी ही पानी नजर आने लगा।
गंगोह के सराय पट्टी क्षेत्र में तो सड़कों पर नहर का आभास होने लगा। निचले क्षेत्रों की दशा ज्यादा खराब हो गई और दुकानों व घरों में पानी भर गया। इससे सामान भी खराब हो गया। दोपहर बाद तक लगातार बारिश होती रही जिससे शाम तक पानी नहीं उतर सका। तेज बारिश के कारण सड़कों पर भरे पानी के कारण वाहनों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बीच सड़क पर बंद हुए वाहनों को धक्के मार कर निकालना पड़ा। लॉक डाउन के कारण बाजार सोमवार को भी बंद रहे। इस कारण ग्राहक नहीं आए अन्यथा पानी के कारण भारी परेशानी उठानी पड़ती। बारिश के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तीसरे पहर तक भी बादलों का खुमार नहीं उतरा था और वह आसमान में जमे रहे। नागल में भी बारिश के कारण मेन बाजार की सड़क पर पानी भर गया। लोगों को घुटनों तक के पानी से हो कर गुजरना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर बारिश के बाद इस परेशानी से गुजरना पड़ता है। उन्होंने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।