खलासी लाइन स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र का निरीक्षण करती एडीएमई डॉ
सहारनपुर। छुटमलपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवसीय बालिका विद्यालय से एक बालिका के दीवार फांदकर भागने की घटना के बाद भी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई है। इसका खुलासा बृहस्पतिवार की शाम खलासी लाइन स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में देखने को मिला। अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निरीक्षण के दौरान वार्डन, पूर्ण कालिक शिक्षिकाएं और सुरक्षा में तैनात पीआरडी जवान भी गायब मिला।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे औचक निरीक्षण करने विद्यालय पहुंची। निरीक्षण के दौरान वार्डन गुलशन मीरा, पूर्वकालिक शिक्षिका सुमन फातिमा, बबली देवी और बीना कुमारी तथा अंशकालिक शिक्षिका मंजू श्रीवास्तव अनुपस्थित मिलीं। अपर नगरायुक्त के पहुंचने के 20 मिनट बाद वार्डन गुलशन मीरा और अंशकालिक शिक्षिका अंजू श्रीवास्तव पहुंची। इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने रजिस्टर आदि चेक किए। विद्यालय की साफ सफाई का जायजा लिया। तमाम व्यवस्थाएं खराब मिली। अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वार्डन और शिक्षिकाओं को सुधार के निर्देश दिए। साथ ही विभाग को कर्रवाई के लिए पत्र लिखा है।