देवबंद। जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक व प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि शरीयत के मुताबिक वोट का इस्तेमाल करना जरूरी है, जबकि उन्होंने शरीयत की रोशनी में पैसे लेकर वोट देने को हराम बताया है।
बुधवार को अपील जारी करते हुए कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि 19 अप्रैल को मतदान करने जरूर जाएं और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने शरीयत का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव में वोट की अहमियत एक शहादत यानी गवाही देने की है। जिसकाे छिपाना इस्लाम में हराम और झूठ बोलना गुनाह है। कारी ने कहा कि चुनाव को एक राजनीतिक हार जीत और दुनिया का खेल समझना भारी गलती है। क्योंकि शरीयत के मुताबिक जनता की गवाही के जरिये जो उम्मीदवार जिस मुकाम पर पहुंचेगा वह जितने अच्छे और बुरे काम करेगा उसकी जिम्मेदारी जनता पर भी पड़ेगी और उसके सवाब और अजाब में जनता बराबर की हिस्सेदार होगी। इसलिए पूरे होश के साथ सही व्यक्ति का चयन करें।