शहर से धंधा चला रहे ट्रांसपोर्टर पर दीपावली बाद कार्रवाई होगी। शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने कई ट्रांसपोर्टरों को चिन्हित किया है, जिनके दफ्तरों और गोदामों को दीपावली बाद सील कर दिया जाएगा। प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों को अति शीघ्र अपना कारोबार टीपी नगर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन कई साल से ट्रांसपोर्ट कारोबार को टीपीनगर में शिफ्ट करने का अभियान चला रहा है। एक साल से प्रशासन से सख्त रुख अपनाया हुआ है। इसका नतीजा यह रहा कि ज्यादातर ट्रांसपोर्टरों ने कुछ ही महीने में अपना कारोबार टीपीनगर में शिफ्ट कर लिया है। इसके बाद शहर को काफी हद तक जाम से निजात मिली है। मगर, कुछ ट्रांसपोर्टर आज भी शहर के बीच से ही अपना कारोबार चला रहे हैं। चर्चा है कि यह सब राजनीतिक सपोर्ट और सेेटिंग की वजह से हो रहा है।
ऐसे में टीपीनगर में शिफ्ट हो चुके ट्रांसपोर्टर भी प्रशासन की मंशा और नीयत पर सवाल उठाते रहे हैं। नगरवासियों ने भी शेष ट्रांसपोर्टर को टीपीनगर भेजने की मांग प्रशासन से की है। प्रशासन ने शहर के अलग-अलग स्थानों से ट्रांसपोर्ट का कारोबार चला रहे लोगों केे चिन्हित किया है। सभी को दीपावली तक अपना कारोबार टीपीनगर में शिफ्ट हो जाने की हिदायत दी गई है। अन्यथा की स्थिति में दीपावली के बाद सील करने की चेतावनी दी गई है।
चिन्हित किए गए ट्रांसपोर्टर
प्रशासन ने जिन ट्रांसपोर्टर को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया है। उनमें चंदर ट्रांसपोर्ट निकट राकेश सिनेमा, ग्रीन रोडवेज मंडी समिति रोड, कोक्ड़ा ट्रांसपोर्ट चिलकाना रोड, जय माता ट्रांसपोर्ट हलालपुर, बद्री विशाल, रामा कृष्णा रोडवेज ईदगाह रोड, मोहित रोडलाइंस, दादा पंजाब ट्रांसपोर्ट जनता रोड और अंबाला रोड का एक थोक ट्रांसपोर्टर शामिल है।
कुछ ट्रांसपोर्टर अभी तक टीपीनगर शिफ्ट नहीं हुए हैं। इनकी लगातार शिकायत मिल रही है। दिवाली के बाद ऐसे सभी ट्रांसपोर्ट को सील किया जाएगा।
- हरिशंकर, सिटी मजिस्ट्रेट।