सहारनपुर। महानगर के गुरुद्वारा रोड की माता प्रसाद वाली गली में लगे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर को उगी बेलों ने पूरी तरह जकड़ लिया है। तारों के चारों ओर लिपटी बेलें किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती हैं। शॉर्ट सर्किट होने पर इन बेलों में आग लगने का खतरा बना रहता है। वहीं बारिश के दिनों में करंट नीचे उतरने की आशंका और बढ़ जाती है।
गुरुद्वारा रोड निवासी विपिन ने मेरी आवाज सुनो कॉलम के लिए समस्या भेजी थी। 02 दिसंबर के संस्करण में समस्या प्रकाशित करने के बाद टीम ने पड़ताल की। इस दौरान लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग से सटा होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों वाहन चालक और राहगीर गुजरते हैं, इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बेलों के तारों से चिपके रहने के कारण अक्सर फॉल्ट हो जाता है। विद्युत निगम की अनदेखी से लोग दहशत में हैं।
यह बोले स्थानीय लोग
- डाॅ. एके चौहान ने बताया कि बिजली विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद इस ओर विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। यदि समय रहते सफाई और कटिंग नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
- डाॅ. चंदन अरोड़ा ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के बिल्कुल पास बेलें लिपटी होने से हर समय करंट फैलने का खतरा रहता है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह जगह बेहद खतरनाक बन चुकी है।
- विजय भाटिया ने बताया कि तारों में हल्की चिंगारी दिखना आम हो गया है। यदि समय रहते सफाई न कराई गई तो ट्रांसफार्मर में आग लगने जैसी गंभीर घटना हो सकती है, जिसका असर पूरे मोहल्ले पर पड़ेगा।
- गुलशन अनेजा ने बताया कि राहगीरों की सुरक्षा के लिए बिजली निगम को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। यदि समय पर तारों और बेलों की सफाई नहीं की गई तो कोई बड़ी दुर्घटना होना तय है।