सहारनपुर में शहरों की तर्ज पर अब जिले के गांवों में भी आधुनिक शवदाह गृह बनवाए जाएंगे। प्रत्येक श्मशान के लिए शासन द्वारा 24-24 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। फिलहाल चार गांवों के लिए बजट दिया गया है।
जिले के जिन गांवों में शवों का दाह संस्कार किया जाता है, उन गांवों के श्मशान को आधुनिक बनवाया जाएगा। शहरी क्षेत्र की तर्ज पर बनने वाले गांवों के श्मशान भूमि पर चारदीवारी, शवदाह स्थल से लेकर शौचालय तक का निर्माण कराया जाएगा।
एक कार्यालय, बैठने के लिए बेंच, हैंडपंप एवं अन्य व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। प्रत्येक श्मशान भूमि के लिए 24 लाख रुपये का बजट दिया जा रहा है। निर्माण ग्राम समाज की भूमि पर ही कराया जाएगा।
इसके लिए कम से कम एक बीघा भूमि ग्राम पंचायत को देनी होगी। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी ग्राम पंचायत समिति की ही होगी। शासन से बजट जारी कर दिया गया है, हालांकि अभी तक जिले के उन चार गांवों का चयन नहीं किया जा सका है,
जिसमें श्मशान भूमि पर निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरदीप सिंह ने बताया कि पहले 13.26 लाख रुपये ही प्रत्येक श्मशान भूमि पर निर्माण के लिए जाते थे।
लेकिन इस बार 24 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। हालांकि अभी 4 गांवों के लिए ही बजट दिया गया है। जल्दी ही गांवों का चयन कर लिया जाएगा। अन्य गांवों के लिए भी बजट मिलने की उम्मीद है।