उत्तर प्रदेश विद्युत निगम की बिजली टीम का घेराव करते ग्रामीण।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर, सरसावा। हरियाणा में स्थित उत्तर प्रदेश के राजस्व गांव ढिक्का टपरी में अवर अभियंता के नेतृत्व में बिल वसूलने गई टीम का ग्रामीणों ने घेराव किया। पुलिस की मौजूदगी में विद्युत निगम के बंधक बनाए गए अवर अभियंता ने अपने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों को समस्या के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
बुधवार को सुबह उत्तर प्रदेश विद्युत निगम की टीम सरसावा बिजलीघर के अवर अभियंता शिव कुमार के नेतृत्व में हरियाणा राज्य में स्थित उत्तर प्रदेश के राजस्व गांव ढिक्का टपरी में बिल वसूलने गई थी। इसी बीच गांव को भी विद्युत आपूर्ति करने वाले हरियाणा राज्य के विद्युत निगम की टीम ने बिल जमा नहीं होने के कारण गांव की बिजली काट दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत निगम की टीम का घेराव किया तथा सभी को पंचायत घर में लेकर बैठ गए। ग्रामीणों ने अवर अभियंता से सवाल किया कि जब उत्तर प्रदेश विद्युत निगम गांव से लगातार बिजली बिल वसूल रहा है तो उनके गांव की बिजली बार-बार क्यों काट दी जाती है। इसी बीच विद्युत निगम की टीम का घेराव करने की सूचना पर शाहजहांपुर पुलिस चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक बृजपाल सिंह भी ढिक्का पहुंच गए तथा ग्रामीणों से वार्ता कर विद्युत टीम का सहयोग करने की बात कही। इस पर ग्रामीणों ने अवर अभियंता शिवकुमार से आश्वासन मांगा कि उनके गांव की बिजली नहीं काटी जाएगी तो अवर अभियंता ने अपने तथा हरियाणा के विद्युत निगम के अधिकारियों से वार्ता कर गांव की बिजली पुन: जोड़े जाने तथा भविष्य में बिजली न काटे जाने का आश्वासन दिया। ग्रामीण प्रदीप, ब्रह्मजीत, शिव कुमार, सुभाष, किरणपाल, विक्रम, मुंशीराम, अमर सिंह, ओमपाल आदि ने बताया कि उनका गांव उत्तर प्रदेश राजस्व रिकॉर्ड में है परंतु यमुना नदी के पार हरियाणा राज्य में स्थित है। जब गांव में आंदोलन चलाने के पश्चात विद्युत कनेक्शन बांटे गए तो ये तय हुआ था कि हरियाणा राज्य गांव को विद्युत आपूर्ति करेगा इसके एवज में उत्तर प्रदेश विद्युत निगम हरियाणा राज्य के विद्युत निगम को बिल का भुगतान करेगा तथा गांव से बिल की वसूली उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत निगम करेगा। गांव वाले लगातार समय पर बिल जमा करते हैं परंतु उत्तर प्रदेश विद्युत निगम हरियाणा के विद्युत निगम का बिल समय पर जमा नहीं करता जिससे बार-बार उनके गांव की बिजली काट दी जाती है।