सहारनपुर। इस्लामनगर स्थित उपकेंद्र पर तैनात विद्युतकर्मी के साथ हाथापाई की गई। घटना बीते मंगलवार की है। बिजलीघर इस्लामनगर में तैनात टीजी-2 रजनीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बिजलीघर पर मौजूद थे। सरकारी मोबाइल नंबर पर ग्राम मुकंदपुर निवासी बलराज ने फोन कर पूछा कि बिजली क्यो बंद है। इस पर ग्राम डकरावर के सरकारी स्कूल की बिजली खराब होने का कारण शटडाउन बताया गया। इतना कहते ही बलराज ने फोन पर ही गाली गलौज शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद बलराज अपने एक साथी के साथ बिजलीघर पहुंच गया। दोनों ने कर्मचारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल गया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि बलराज और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।