पानी के लिए ग्रामीणों का जल निगम पर धरना
सहारनपुर, मिर्जापुर। एक पखवाड़े से पेयजल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने जल निगम द्वारा संचालित बादशाही बाग पेयजल योजना पर धरना प्रदर्शन किया।
जल निगम की बादशाहीबाग पेयजल योजना से लगभग 11000 हजार की आबादी वाले दो ग्राम पंचायत के चार गांवों शफीपुर, मायापुर रूपपुर, बादशाही बाग एवं गंजीपुर को पेयजल आपूर्ति होती है। एक पखवाड़े से ट्यूबवेल की मोटर फुंकी पड़ी थी। गत दिनों मोटर को बदलने के बाद भी पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया।
ग्राम प्रधान बादशाही बाग महावीर सिंह ने कहा कि जल निगम की लापरवाही के चलते चार गांवों की आबादी पेयजल के लिए तरस रही है। पानी का जलस्तर नीचे चले जाने से 350 फुट पर लगे हैंडपंपों ने भी पानी देना बंद कर दिया है।शफीपुर के ग्राम प्रधान राजकुमार राणा ने कहा कि पेयजल योजना की ट्यूबवेल न चलने से ग्रामीण बादशाही बाग खोल के दूषित पानी एवं किराए पर टैंकर मंगाकर पेयजल आपूर्ति कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। धरना प्रदर्शन करने वालों में शाहिद, गुलाम दीन, आलिम, अशोक तोमर, पंकज गुप्ता, सुधीर गुप्ता, सैय्यद आबिद, अलीजान रहे।
इस मामले में जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता अमित कुमार का कहना है कि फुंकी हुई मोटर को बदल दिया गया है। कोई तकनीकी खराबी आ गई है जिसको ठीक करा कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कराई जाएगी।